खापा में एटीएम और ज्वेलरी शॉप पर चोरों का धावा, नकदी सुरक्षित; चांदी और बेंटेक्स के आभूषण चोरी

खापा (सावनेर): खापा शहर के बाजार चौक में मंगलवार देर रात चोरों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम और पास स्थित ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया। चोरों ने एटीएम को नुकसान पहुंचाकर अंदर की रकम निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। वहीं, ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़कर चांदी और बेंटेक्स के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया। घटना 1 सितंबर की मध्यरात्रि की है, जिसका पता बुधवार 2 सितंबर की सुबह चला।

  • Save

एटीएम का सीसीटीवी कैमरा तोड़ा, रकम रही सुरक्षित

चोरों ने सबसे पहले एटीएम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर एक तरफ रख दिया। इसके बाद उन्होंने एटीएम के अंदर की टाइल्स उखाड़कर मशीन तक पहुंचने का प्रयास किया। हालांकि, वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। एटीएम मशीन और उसके अंदर रखी पूरी रकम सुरक्षित है। बैंक सूत्रों के अनुसार, मशीन को भी ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।

ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़कर आभूषण चोरी

एटीएम के पास भवानी माता मंदिर के नजदीक राजेश मालोकर निवासी खापा की ज्वेलरी शॉप है। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने चांदी की अंगूठियां, चांदी की प्लेटें, बेंटेक्स के आभूषण, वजनकांटा और अन्य सामान चोरी कर लिया।

  • Save

सीसीटीवी और तकनीकी जानकारी से चोरों की तलाश

दोनों घटनाओं को लेकर खापा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य तकनीकी जानकारी जुटा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

एक ही रात में दो वारदातों से व्यापारियों में दहशत

एक ही रात में एटीएम और ज्वेलरी शॉप में चोरी के प्रयास से खापा शहर के दुकानदारों, व्यापारियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है। नागरिकों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link