नागपुर/कामठी: नागपुर जिले के कामठी में एक कपड़ा व्यापारी शैलेंद्र देविदास रोडगे (57) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। वह अपने घर में बेड पर अचेत अवस्था में मिले। मौके से दवाइयां और इंजेक्शन मिलने के बाद उनकी मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेटे के बार-बार फोन करने पर हुआ मामले का खुलासा
जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र देविदास रोडगे अशोकनगर, मोदी पड़ाव (कामठी) में रहते थे और शहर में कपड़े का व्यवसाय करते थे। उनकी पत्नी नागपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करती हैं, जबकि बेटी जर्मनी और बेटा हैदराबाद में कार्यरत है।
मंगलवार दोपहर बेटे ने कई बार अपने पिता को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोसी से संपर्क कर घर जाकर देखने का अनुरोध किया।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
पड़ोसी ने घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हवलदार अभय मून अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा।
बेड पर मिले अचेत, पास में पड़ी थीं दवाइयां और इंजेक्शन
घर के अंदर शैलेंद्र देविदास रोडगे बेडरूम में बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। उनके पास दवाइयों की गोलियां और इंजेक्शन बिखरे हुए थे। पुलिस उन्हें तुरंत कामठी उपजिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी विजय दिघे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

