सोनेगांव शिवार में दर्दनाक हादसा
कुही: दोस्तों के साथ गेट-टुगेदर के लिए गए रेलवे पुलिसकर्मी सचिन घनश्याम आवारी (38) की स्विमिंग पूल में छलांग लगाते समय सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा कुही तालुका के सोनेगांव शिवार स्थित बाल गिरी फार्म हाउस में बुधवार देर रात करीब 1:30 से 1:45 बजे के बीच हुआ।
स्विमिंग पूल में उतरने के दौरान हादसा
सचिन आवारी रेलवे पुलिस मुख्यालय के साइबर सेल में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। दोस्तों के साथ फार्म हाउस में भोजन करने के बाद सभी लोग रात करीब 1:30 बजे स्विमिंग पूल में तैरने के लिए उतरे। इसी दौरान सचिन पूल में छलांग लगा रहे थे, तभी उनके सिर पर पूल के स्लैब का जोरदार प्रहार हुआ।
गंभीर रूप से घायल सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दोस्तों का गेट-टुगेदर अचानक मातम में बदल गया।
2013 में एक साथ पुलिस बल में हुए थे भर्ती
सचिन आवारी और उनके आठ दोस्त 16 सितंबर 2013 को रेलवे पुलिस दल में भर्ती हुए थे। इसी वजह से वे हर वर्ष भर्ती दिवस के अवसर पर गेट-टुगेदर करते थे। इस वर्ष 16 सितंबर को गणेशोत्सव होने के कारण उन्होंने विसर्जन के बाद मिलने का फैसला किया था।
इसके तहत 29 सितंबर की रात नौ दोस्त तीन कारों से कुही तालुका के सोनेगांव शिवार स्थित फार्म हाउस पहुंचे थे।
मृतक सचिन आवारी के परिवार में पत्नी और बेटी
सचिन आवारी के परिवार में पिता, पत्नी और छोटी बेटी हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वर्ष 2013 में रेलवे पुलिस दल में सिपाही के रूप में सेवा शुरू करने वाले सचिन अपने सहकर्मियों के बीच मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन से रेलवे पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस निरीक्षक राजेंद्र पाटील के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल हरिदास चाचेरकर मामले की जांच कर रहे हैं।

