नागपुर : तेरहवीं मंजिल पर निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में एस्कॉर्ट दल और सदर पुलिस ने कार्रवाई की। रविवार मध्यरात्रि करीब 12.30 बजे पार्क एवेन्यू इमारत स्थित हिचकी बार एंड रेस्टोरेंट में छापा मारकर डीजे उपकरण जब्त किया गया। पुलिस ने डीजे संचालक दीप शंकरराव मोरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
100.6 डेसिबल दर्ज हुआ ध्वनि स्तर
पुलिस को सूचना मिली थी कि हिचकी बार एंड रेस्टोरेंट में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। इसके बाद एस्कॉर्ट दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इमारत की बारहवीं मंजिल से मशीन के माध्यम से ध्वनि की तीव्रता मापी गई, जिसमें आवाज का स्तर 100.6 डेसिबल दर्ज हुआ।
डीजे संचालक दीप मोरे पर मामला दर्ज
जांच के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक तेज आवाज में डीजे बजता पाए जाने पर दीप शंकरराव मोरे (22), निवासी श्रीकृष्णनगर, वाठोड़ा, के खिलाफ शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने डीजे का संचालन बंद कराकर संबंधित उपकरण अपने कब्जे में ले लिया।
बार प्रबंधक अभय विरखेडे पर भी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान बार के प्रबंधक अभय केशव विरखेडे (44), निवासी कोलते ले-आउट, गोधनी रोड, मानकापुर, भी मौके पर मौजूद मिले। पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ भी मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
सदर पुलिस की टीम ने जब्त किया डीजे उपकरण
एस्कॉर्ट दल की सूचना के बाद सदर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर भेदोड़कर के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक मेघा गोखरे, उपनिरीक्षक रूपेश जांभळे, रविशंकर मिश्रा और संजय यादव की टीम ने कार्रवाई करते हुए डीजे का पूरा उपकरण जब्त किया।

