शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला को लेकर दो युवक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए, वहीं बेल्ट से भी हमला किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर नगर पालिका चौक के पास पहुंची थी। तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर आए महिला के पति ने उसे पहचान लिया। पति ने महिला के साथ मौजूद युवक से सवाल-जवाब किया और उसके साथ घूमने को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। बिजनौर नगर पालिका के पास के चौक का यह मामला है .
बताया जा रहा है कि महिला ने मौके पर सफाई देते हुए कहा कि वह जिस युवक के साथ है, वह भी उसका पति है। इसी बात को लेकर विवाद और भड़क गया। इसके बाद दोनों युवकों के बीच जमकर हाथापाई हुई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवक सड़क पर एक-दूसरे को लात-घूंसे मारते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने रहे।
इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य युवकों ने भी महिला और उसके साथ मौजूद युवक के साथ हाथापाई की। घटना से कुछ देर तक नगर पालिका चौक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की जा रही है।

