नागपुर: नायलॉन मांझा पर पुलिस का शिकंजा, ग्रामीण में 5 आरोपी पकड़े

नायलॉन मांझा से पतंगबाजी पड़ी महंगी

नागपुर।
नागपुर ग्रामीण जिले में पर्यावरण के लिए घातक और मानव जीवन के लिए जानलेवा प्रतिबंधित नायलॉन मांझा के उपयोग एवं बिक्री के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में नायलॉन मांझा से पतंग उड़ाने और उसकी बिक्री करने वाले आरोपियों के खिलाफ कुल 5 अपराध दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 9 नायलॉन मांझा चक्रियों सहित कुल 5,750 रुपये का माल जब्त किया है।

कन्हान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पिपरी, कन्हान निवासी शुभम भोजराज गोंडाणे (32) को उसके घर की छत पर नायलॉन मांझा से पतंग उड़ाते हुए रंगेहाथ पकड़ा। उसके पास से 500 रुपये कीमत की नायलॉन मांझा चकरी जब्त की गई।

  • Save

इसी प्रकार महलगांव (महालगांव), कापसी निवासी प्रयास अनिल खेवालें (19) को टेकाड़ी स्थित हनुमान मंदिर के पीछे मैदान में नायलॉन मांझा से पतंग उड़ाते हुए पकड़ा गया। उसके पास से 800 रुपये कीमत की नायलॉन मांझा चकरी जब्त की गई।

कोंढाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोंढाली निवासी पंकज अज़ाब सरोदे (40) को नायलॉन मांझा से पतंग उड़ाते हुए पकड़ा गया। उसके पास से 2 नायलॉन मांझा चक्रियां जब्त की गईं।

  • Save

वहीं काटोल थाना क्षेत्र के अण्णाभाऊ साठे नगर, काटोल में यश मुकेश कावले (20) को प्रतिबंधित नायलॉन मांझा की बिक्री करते हुए पुलिस ने दबोच लिया। उसकी दुकान से 3 नायलॉन मांझा चक्रियां, जिनकी कुल कीमत 2,400 रुपये बताई गई है, जब्त की गईं।

इन सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधित नायलॉन मांझा के उपयोग एवं बिक्री से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल कागज या सूती मांझे का ही उपयोग करें, क्योंकि नायलॉन मांझा मनुष्यों, पक्षियों और पशुओं के लिए अत्यंत घातक साबित होता है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नायलॉन मांझा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link