नागपुर।
खापरखेड़ा थाना क्षेत्र में सेंधमारी की वारदात को अंजाम देने वाले 2 चोर क्राइम ब्रांच के हाथ लगे हैं। आरोपियों ने 2 वारदातों को अंजाम देने की कबूलियत दी है। पकड़े गए आरोपियों में गोलीबार चौक निवासी सक्षम उर्फ बोंडा प्रेमनाथ मोडकऱ (23) और ध्रुव राजेश बोरकर (19) का समावेश है।
विगत 25 दिसंबर की रात आरोपियों ने खापरखेड़ा के चनकापुर में रहने वाले मनोज कुष्ठे के घर पर सेंध लगाकर नकद और जेवरात चोरी किए थे। क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम ने जांच के दौरान आरोपियों की पहचान की। सक्षम और ध्रुव को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में दोनों ने अपने नाबालिग साथी की मदद से खापरखेड़ा और यशोधरानगर थाना क्षेत्र में 2 वारदातों को अंजाम देने की कबूलियत दी। पुलिस ने आरोपियों से सोने के जेवरात और दोपहिया वाहन सहित 7.40 लाख रुपये का माल जब्त किया है। आगे की जांच खापरखेड़ा पुलिस कर रही है।

