ट्रक–बाइक की टक्कर में युवक की मौत
सावनेर :
सावनेर–कलमेश्वर मार्ग पर मंगलवार (दिनांक 3 दिसंबर) तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में ट्रक और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना सावनेर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिका होटल के पास घटी।
मृतक युवक का नाम श्यामल बादल मालवे (उम्र लगभग 25 वर्ष) बताया गया है। वह सावनेर तालुका का निवासी था। श्यामल मंगलवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MH 40 / GU 7954) से कलमेश्वर से सावनेर की ओर जा रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक (क्रमांक MH 34 / BD 4401) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्यामल सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक का पिछला पहिया उसके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों की मदद से घायल युवक को सावनेर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही सावनेर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मृत्यु कारित करने का मामला दर्ज किया है। आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

