मनपा चुनाव: सीट बंटवारे से पहले ही पर्चा दाखिल करने का सिलसिला

आभा और हजारे ने दाखिल किया नामांकन

नागपुर | 27 दिसंबर 2025

नागपुर महानगरपालिका (मनपा) चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। सीट बंटवारे पर राजनीतिक दलों में चर्चा जारी रहने के बावजूद कई इच्छुक उम्मीदवारों ने पहले ही पर्चा दाखिल करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पूर्व नगरसेविका आभा पांडे और कांग्रेस के पूर्व नगरसेवक पुरुषोत्तम हजारे ने नामांकन दाखिल किया।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद शुरुआती दो दिनों में उम्मीदवारों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। हालांकि अंतिम तिथि नजदीक आते ही नामांकन और आवेदन लेने वालों की संख्या में तेजी देखी जा रही है।

  • Save

प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक कुल 5,507 उम्मीदवारों ने आवेदन लिया है। पहले दिन करीब 2,000 आवेदन लिए गए थे। क्रिसमस की छुट्टी के चलते दूसरे दिन आवेदन की संख्या कम रही, जबकि शुक्रवार को अकेले 1,350 उम्मीदवारों ने आवेदन लिया। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 5,507 आवेदन दर्ज किए गए हैं।

  • Save

जोनवार स्थिति देखें तो लक्ष्मीनगर से 369, धरमपेठ से 350, हनुमाननगर से 691, धंतोली से 557, नेहरू नगर से 654, गांधीबाग से 512, सतरंजीपुरा से 490, लकड़गंज से 467, आशी नगर से 629 और मंगलवारी जोन से सबसे अधिक 788 आवेदन लिए गए हैं। अब तक कुल पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।

राजनीतिक दलों में सीटों के बंटवारे को लेकर मंथन जारी है, लेकिन संभावित उम्मीदवार एहतियात के तौर पर समय रहते नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link