चर्चों से बाजारों तक जगह-जगह दिखी रौनक, केरोल सिंगिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम
नागपुर, कार्यालय प्रतिनिधि।
क्रिसमस पर्व के आगमन को लेकर शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है। चर्चों से लेकर बाजारों और आवासीय इलाकों तक क्रिसमस की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में चर्चों को आकर्षक लाइटिंग, सितारों, क्रिसमस ट्री और रंगीन सजावट से सजाया गया है।
क्रिसमस की तैयारियों के तहत चर्च परिसरों में विशेष प्रार्थनाओं और मध्यरात्रि मिस्सा की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रभु यीशु के जीवन, प्रेम और बलिदान का संदेश देने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और चर्च प्रबंधन सतर्क नजर आ रहे हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मना सकें।
शाम के समय शहर के विभिन्न इलाकों में केरोल गीतों की मधुर धुनें सुनाई दे रही हैं। बच्चे, युवा और महिलाएं समूह बनाकर घर-घर जाकर क्रिसमस कैरोल गा रहे हैं। “जॉय टू द वर्ल्ड”, “साइलेंट नाइट” जैसे लोकप्रिय केरोल गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया है। कई स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी केरोल सिंगिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
बाजारों में जबरदस्त उत्साह
क्रिसमस को लेकर शहर के बाजारों में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है। इटवारी, सदर, धरमपेठ, सिविल लाइंस सहित अन्य इलाकों में क्रिसमस से जुड़ी सामग्री से दुकानें सजी हुई हैं। बाजारों में क्रिसमस ट्री, सजावटी लाइटें, सितारे, घंटियां, सांता क्लॉज की टोपी, नकली दाढ़ी, केक सजाने का सामान और उपहारों की जमकर बिक्री हो रही है।
दुकानदारों का कहना है कि इस वर्ष भी क्रिसमस को लेकर बाजार में अच्छी रौनक है और लोग परिवार व दोस्तों के साथ खरीदारी कर रहे हैं। खासकर बच्चों में सांता क्लॉज के आने और उपहार मिलने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
शहर में शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश
शहर के विभिन्न समुदायों के लोग क्रिसमस के उल्लास में शामिल हो रहे हैं। लोग एक-दूसरे को बधाइयां दे रहे हैं और आपसी प्रेम व सद्भाव का संदेश फैला रहे हैं। आने वाले दिनों में मध्यरात्रि प्रार्थना, सामूहिक भोज और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ क्रिसमस पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
कुल मिलाकर, क्रिसमस पर्व के स्वागत में नागपुर पूरी तरह रोशनी, संगीत और खुशियों से जगमगा उठा है।

