कन्हान: शहर के तारसा मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को ध्यान में रखते हुए शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की महिला पदाधिकारियों ने कन्हान पुलिस निरीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए तारसा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही तुरंत बंद करने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि नागपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार के आदेशानुसार 11 फरवरी 2026 तक इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद हाल के दिनों में ट्रक और अन्य भारी वाहन बड़ी संख्या में इस मार्ग से गुजर रहे हैं। स्कूल, कॉलेज और बाज़ार वाले इस भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
शनिवार, 6 दिसंबर की रात को कोयला ले जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने 70-75 वर्षीय वृद्ध को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। इस हादसे के बाद से स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल और बढ़ गया है। तारसा चौक शहर का प्रमुख चौक है, जहां दिनभर भारी भीड़ रहती है। सब्जी, फल मंडी, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही के कारण यह मार्ग बेहद खतरनाक बन चुका है।
बुधवार को महिला शिवसेना की रामटेक विधानसभा जिला प्रमुख दुर्गा विजय कोचे के नेतृत्व में वर्षा तरार, शारदा शेंडे और माया तिवारी ने पुलिस निरीक्षक वैजयंती मंडवधरे से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभाग से चर्चा कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

