इलाज के दौरान बाबलू ने तोड़ा दम
नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुए भीषण कार हादसे ने गुरुवार तड़के दर्दनाक मोड़ ले लिया। गोरेवाड़ा रोड कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाबलू करण कुलमेथे (41) की इलाज के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे मृत घोषित किया।
तेज रफ्तार कार ने खड़ी कार को पीछे से मारी टक्कर
पुलिस और घायलों के अनुसार, मंगलबमूर्ति लेआउट, खडगांव रोड निवासी दीपाली सुशांत भुवन (32) मंगलवार रात Kia Seltos (MH31-FU-0272) से आदिवासी नगर की ओर जा रही थीं। बताया गया कि वह धरमपेठ में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाती हैं और घटना के समय घर लौट रही थीं।
कार से सामान निकालने के दौरान हुआ हादसा
आदिवासी नगर निवासी बाबलू कुलमेथे अपने दो वर्षीय बेटे प्रियांश के साथ कार से बाहर निकले थे। वह वाहन के पीछे जाकर कुछ सामान निकाल रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी आसपास मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से आई दीपाली की कार ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
दो वाहनों के बीच फंसे पिता-पुत्र
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाबलू और उनके दो वर्षीय बेटे प्रियांश दोनों वाहनों के बीच फंस गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। प्रियांश के सिर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
महिला चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद गिट्टीखदान पुलिस ने कार चालक दीपाली सुशांत भुवन (32) के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। अब हादसे में बाबलू की मौत के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

