नागपुर: शिवाजीनगर स्थित ‘द बैरल पब’ में रजनीगंधा की पुड़िया अंदर ले जाने से रोकने और दोस्तों के सामने कथित रूप से अपमानित किए जाने से नाराज एक युवक ने पब में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोपी ने पब पर शराब का अधिक बिल वसूलने का भी आरोप लगाया था। आगजनी में करीब 9 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
रजनीगंधा की पुड़िया को लेकर हुआ विवाद
घटना रविवार तड़के अंबाझरी थाना क्षेत्र के शिवाजीनगर स्थित द बैरल पब में हुई। पुलिस के मुताबिक, मोहनलाल तिवारी (31) अपने दोस्त के साथ पब में गया था। प्रवेश के दौरान जांच में उसकी जेब से रजनीगंधा की पुड़िया मिलने पर गेटमैन ने उसे अंदर ले जाने से रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
दोस्तों के सामने अपमान से भड़का आरोपी
गेटमैन के साथ हुए विवाद और दोस्तों के सामने कथित रूप से अपमानित किए जाने से मोहनलाल तिवारी गुस्से में आ गया। पब से बाहर निकलने के बाद उसने अपने साथी शुभम विश्वकर्मा (23) के साथ मिलकर कथित तौर पर पब में आग लगाने की योजना बनाई।
पेट्रोल लेकर वापस पहुंचा और पब में लगाई आग
आरोप है कि मोहनलाल और शुभम पेट्रोल की बोतल लेकर पब में वापस पहुंचे। इसके बाद दोनों ने पब पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। आग तेजी से फैलने के कारण पब में रखा करीब 9 लाख रुपये का सामान जल गया।
सीसीटीवी फुटेज से दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद अंबाझरी पुलिस ने जांच शुरू की। पब में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मोहनलाल शेफ, शुभम चार महीने पहले आया था नागपुर
पुलिस के अनुसार, मोहनलाल तिवारी पेशे से शेफ है और खामला क्षेत्र में अपने भाई के साथ होटल चलाता है। वहीं शुभम विश्वकर्मा मूल रूप से भोपाल का रहने वाला है और करीब चार महीने पहले ही नागपुर आया था।
दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

