रामटेक: महाराष्ट्र शासन ने वर्ष 2024-25 के लिए डॉ. जे.पी. नाईक आदर्श शिक्षक राज्य पुरस्कार की घोषणा कर दी है। कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय के संस्कृत भाषा एवं साहित्य विभागाध्यक्ष प्रा. पराग जोशी को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है।
संस्कृत क्षेत्र में योगदान के लिए चयन
प्रा. पराग जोशी विश्वविद्यालय के युवा विद्वान और कवि हैं। संस्कृत भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए महाराष्ट्र शासन ने उन्हें आदर्श शिक्षक राज्य पुरस्कार के लिए चयनित किया है। यह पुरस्कार शिक्षा क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रदान किया जाता है।
शिक्षक दिवस पर होगा सम्मान
महाराष्ट्र शासन की ओर से 5 सितंबर को शिक्षक दिवस कार्यक्रम में प्रा. पराग जोशी को राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील के हाथों पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने जताया गर्व
कुलगुरु डॉ. अतुल वैद्य ने कहा कि प्रा. पराग जोशी का आदर्श शिक्षक राज्य पुरस्कार से सम्मानित होना विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। पुरस्कार के लिए चयन होने पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रोशन अलोने, संस्कृत तथा संस्कृतेतर संकाय की अधिष्ठाता प्रा. कविता होले सहित सभी अधिष्ठाता, संवैधानिक अधिकारी और सदस्यों ने प्रा. जोशी को बधाई दी।

