मजदूरी के पैसे नहीं मिले तो चोरी की, साथ ले आया मौत का सामान! चंद्रपुर से नागपुर ट्रेन में 2 जिंदा डेटोनेटर लेकर पहुंचा आरोपी

नागपुर: मजदूरी के पैसे नहीं मिलने से नाराज एक मजदूर ने ठेकेदार के मोबाइल फोन और खदान क्षेत्र से दो जिंदा डेटोनेटर चोरी कर लिए और उन्हें लेकर ट्रेन से नागपुर पहुंच गया। लकड़गंज थाना क्षेत्र में चोरी के मोबाइल बेचते समय पुलिस ने राजेंद्र रामलाल विश्वकर्मा (35) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 3 मोबाइल फोन और 2 जिंदा डेटोनेटर बरामद हुए हैं। अदालत ने आरोपी को 5 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने भी शुरू कर दी है।

  • Save

चोरी के मोबाइल बेचते समय पकड़ा गया आरोपी

लकड़गंज पुलिस को बुधवार तड़के आजमशाह चौक क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा चोरी के मोबाइल बेचने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेंद्र रामलाल विश्वकर्मा, निवासी खुर्सतीपुर, जिला बालोद (छत्तीसगढ़), को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल और दो जिंदा डेटोनेटर मिले।

बीडीडीएस ने डेटोनेटर किए सील

डेटोनेटर बरामद होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल बम खोज एवं निष्क्रिय दस्ते (बीडीडीएस) को मौके पर बुलाया गया। जांच में दोनों डेटोनेटर सक्रिय और जिंदा पाए गए। इसके बाद बीडीडीएस टीम ने दोनों डेटोनेटर को सुरक्षित रूप से सील कर दिया।

मजदूरी के पैसे नहीं मिले तो खदान से की चोरी

  • Save

पुलिस पूछताछ में आरोपी राजेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि वह चंद्रपुर जिले के वरोरा में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के एक ठेकेदार के यहां मजदूरी करता था। मजदूरी के पैसे नहीं मिलने के कारण उसने ठेकेदार के मोबाइल फोन और खदान क्षेत्र से डेटोनेटर चोरी करने की बात कबूल की है।

ठेकेदार और डब्ल्यूसीएल अधिकारियों से पूछताछ

मामले में पुलिस ने आरोपी के ठेकेदार और डब्ल्यूसीएल के अधिकारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डेटोनेटर खदान क्षेत्र से किस तरह बाहर निकाले गए और उन्हें नागपुर तक लाने के पीछे आरोपी की क्या मंशा थी।

ट्रेन में विस्फोट होता तो हो सकता था बड़ा हादसा

पुलिस के अनुसार, आरोपी वरोरा से दो जिंदा डेटोनेटर लेकर ट्रेन से नागपुर पहुंचा था। जांच में दोनों डेटोनेटर शक्तिशाली पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यदि रेल यात्रा के दौरान इनमें से किसी डेटोनेटर में विस्फोट हो जाता, तो करीब 100 मीटर के दायरे में मौजूद यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

  • Save

आतंकवाद निरोधक दस्ते ने भी शुरू की जांच

जिंदा डेटोनेटर मिलने के कारण मामले की गंभीरता बढ़ गई है। आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने भी इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब डेटोनेटर की चोरी, उसके परिवहन और आरोपी की पूरी गतिविधियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link