नागपुर: जपानी गार्डन चौक के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक कर रहे 74 वर्षीय कैलास नत्थूराम सौंधिया की मौत हो गई। तेज रफ्तार इनोवा कार (MH-31/0088) ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार फुटपाथ पर चढ़कर कंपाउंड की दीवार से जा टकराई। पुलिस के अनुसार, इनोवा चालक के नशे में होने की बात सामने आई है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
अवस्थीनगर निवासी कैलास नत्थूराम सौंधिया (74) रविवार सुबह करीब 6:15 बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जपानी गार्डन चौक से लोकभवन की ओर फॉरेस्ट ऑफिस कंपाउंड के पास से गुजरते समय पीछे से आई तेज रफ्तार इनोवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सौंधिया गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि कार फुटपाथ पर चढ़कर कंपाउंड की दीवार से जा टकराई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही गई जान
हादसे के बाद आसपास मॉर्निंग वॉक कर रहे नागरिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल कैलास सौंधिया को उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खतरनाक मोड़ और तेज रफ्तार वाहनों से पहले भी खतरा
जपानी गार्डन रोड के इस हिस्से में सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं। यहां सड़क पर मोड़, चढ़ाई और ढलान होने के बावजूद कई वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि तेज गति के कारण इस मार्ग पर अक्सर हादसों का खतरा बना रहता है।
इस घटना के बाद नागरिकों ने तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई तथा क्षेत्र में स्थायी यातायात सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
क्या तीन कारों के बीच हो रही थी रेस? पुलिस की जांच शुरू
हादसे के बाद एक व्यक्ति इनोवा में फंस गया था, जिसे काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया। इसी बीच घटनास्थल पर चर्चा है कि हादसे के समय तीन कारें तेज रफ्तार में एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की कोशिश कर रही थीं। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या तीनों वाहनों के बीच रेसिंग चल रही थी।
हादसे के बाद इनोवा के साथ चल रही दो अन्य कारों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से होगी फरार चालकों की पहचान
पुलिस ने जपानी गार्डन रोड और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर तीनों कारों और उनके चालकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे में शामिल इनोवा के टैक्सी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

