नागपुर: नागपुर के जारीपटका क्षेत्र से JEE (जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन) की तैयारी कर रही 16 वर्षीय छात्रा एक बार फिर लापता हो गई है। पुलिस के अनुसार, छात्रा कथित तौर पर घर से 28 हजार रुपये नकद और अपना स्कूल बैग लेकर निकली है। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।
JEE कोचिंग की छात्रा है नाबालिग
पुलिस के मुताबिक, लापता किशोरी कक्षा 11वीं की छात्रा है और जामठा स्थित JEE कोचिंग संस्थान में प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही है। छात्रा के पिता की शिकायत पर जारीपटका पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
दो दिन पहले भी हुई थी लापता
पुलिस ने बताया कि छात्रा 2 अगस्त को भी अपने कोचिंग संस्थान से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे खोजकर सुरक्षित घर पहुंचाया था। पहले मामले की जांच के तहत उसे 4 अगस्त को मेडिकल जांच के लिए भी बुलाया गया था।
रात में घर से निकली, साथ ले गई 28 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार, 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात छात्रा बिना किसी को बताए घर से निकल गई। वह अपने साथ स्कूल बैग और 28 हजार रुपये नकद भी लेकर गई। सुबह परिजनों को उसके घर से गायब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए जारीपटका पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

