नागपुर: शहर के सीताबर्डी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट होने से चालक की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान गौतमनाथ रावल (56) निवासी रामू पतंग गली, धरमपेठ के रूप में हुई है। वे ई-रिक्शा चालक के रूप में काम करते थे।
रात में चार्जिंग के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, घटना 8 जुलाई की रात की है। उस समय गौतमनाथ का बेटा और अन्य परिजन विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। उन्होंने रात में अपना ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगाया और सो गए।
बैटरी चेक करते समय हुआ विस्फोट
रात करीब 3 बजे उनकी नींद खुली। बैटरी चार्ज हुई या नहीं यह देखने के लिए जैसे ही वे ई-रिक्शा के पास पहुंचे, उसी दौरान बैटरी में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत धंतोली स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीताबर्डी पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर लिया है और घटना की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में बैटरी विस्फोट को हादसे का कारण माना जा रहा है।

