शिवणगांव फाटा के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
नागपुर : शहर के वर्धा मार्ग स्थित शिवणगांव फाटा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। यह घटना सोनेगांव थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक एयरपोर्ट पावर स्टेशन में करता था नौकरी
मृत युवक की पहचान आदित्य अशोक मरसकोल्हे (23 वर्ष) निवासी जयभीमनगर, रामेश्वरी मार्ग, अजनी के रूप में हुई है। वह एयरपोर्ट पावर स्टेशन में हाउसकीपिंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत था और प्रतिदिन साइकिल से ही अपने कार्यस्थल तक आता-जाता था।
ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य तड़के साइकिल से अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान वर्धा मार्ग पर स्थित शिवणगांव फाटा के पास एमएच-40 बीएफ-4259 क्रमांक के तीन पहिया इलेक्ट्रिक मालवाहक ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
सिर, चेहरे और पैर में आई गंभीर चोटें
ऑटो चालक की पहचान लक्ष्मण महादेव गुरनुले (28 वर्ष), निवासी खड़गांव, गुमगांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ऑटो तेज रफ्तार में था। टक्कर लगते ही आदित्य सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आईं।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल आदित्य को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
इस मामले में सोनेगांव पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।

