पत्नी से झगड़े के बाद युवक छत पर चढ़ा, जवानों ने बचाई जान

रामदासपेठ इलाके में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

नागपुर : रविवार को रामदासपेठ इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पांचवीं मंजिल की खिड़की के संकरे किनारे पर लटका हुआ दिखाई दिया। नीचे खड़े लोग चीख-पुकार कर रहे थे कि कहीं युवक नीचे न गिर जाए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जवानों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर उसकी जान बचा ली।

पत्नी से चल रहा था पारिवारिक विवाद

  • Save

जानकारी के अनुसार, आकाश नाम का युवक वाडी इलाके का निवासी है। पिछले कई महीनों से उसका अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके कारण उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। रविवार को आकाश शराब के नशे में सीधे ससुराल पहुंच गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और धक्का-मुक्की व मारपीट तक पहुंच गया।

नशे की हालत में पहुंचा अपार्टमेंट की छत पर

स्थिति बिगड़ती देख आकाश वहां से निकल गया। मानसिक तनाव और शराब के नशे में वह सीधे रामदासपेठ स्थित आशीष अपार्टमेंट में घुस गया। इसके बाद वह इमारत की छत पर पहुंचा और पाइप के सहारे नीचे उतरने की कोशिश करने लगा।

अचानक बिगड़ा संतुलन, खिड़की के किनारे पर फंसा

नीचे उतरते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पांचवीं मंजिल की खिड़की के बाहर बने संकरे हिस्से पर फंस गया। युवक एक हाथ से वायर पकड़कर खुद को संभालने की कोशिश कर रहा था। नीचे गहरी ऊंचाई और ऊपर से गिरने का खतरा देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

  • Save

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जवानों ने रस्सियों की मदद से ऊपर पहुंचने का प्रयास किया, जबकि दूसरी ओर सुरक्षा जाल तैयार रखा गया। शराब के नशे में युवक बार-बार चिल्ला रहा था और उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी। इसके बावजूद जवानों ने धैर्य बनाए रखा और आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

युवक की सुरक्षित बचने पर लोगों ने ली राहत की सांस

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। इसके बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link