महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के लोणेरे इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 22 वर्षीय युवती की लॉज में कथित तौर पर रेप के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिस मोहम्मद खान मालदार को 6 दिनों की तलाश के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी अनिस खान युवती को रायगढ़ के लोणेरे स्थित एक लॉज में लेकर गया था। वहां पहले युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और बाद में धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। घटना सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
6 दिन तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी लगातार पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा। उसे पकड़ने के लिए स्थानीय क्राइम ब्रांच और पुलिस की 8 से 10 टीमों को लगाया गया था। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को ठाणे इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट ने सुनाई पुलिस कस्टडी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अलीबाग जिला सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 30 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और क्या इस मामले में कोई और भी शामिल है।
पहले भी गंभीर मामले में आ चुका है नाम
जानकारी के मुताबिक आरोपी अनिस खान का नाम इससे पहले भी एक गंभीर हत्या के मामले में सामने आ चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्ष 2021 में उस पर अपनी 8 वर्षीय बेटी के अपहरण और हत्या का आरोप लगा था, हालांकि सबूतों के अभाव में वह उस मामले में बरी हो गया था।
लॉज के रिकॉर्ड से मिला बड़ा सुराग
पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में लॉज के रिकॉर्ड से मदद मिली। आरोपी ने चेक-इन के दौरान आधार कार्ड की कॉपी जमा कराई थी, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई और जांच आगे बढ़ाई गई।
इलाके में आक्रोश का माहौल
इस जघन्य हत्या के बाद रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

