भंडारा जिले में आसमान से गिरे रहस्यमय, हल्के और छिद्रयुक्त टुकड़े; उल्कापात की आशंका, वैज्ञानिक जांच शुरू
भंडारा। तहसील क्षेत्र के परसोड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब आसमान से जलते हुए आग के दो गोले जमीन पर गिरते देखे गए। ये टुकड़े सफेद रंग के, आधी ईंट के आकार जैसे और वजन में बेहद हल्के बताए जा रहे हैं। घटना के दौरान तेज रोशनी फैलने से ग्रामीणों में दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया।
स्थानीय निवासी किशोर रमेश वाहने के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे उनके घर के पास छोटे बच्चे अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान अचानक आसमान से दो जलते हुए टुकड़े जमीन पर आ गिरे। घटना के बाद उन्होंने दोनों टुकड़ों को सुरक्षित रूप से जवाहरनगर पुलिस थाने में जमा कराया। फिलहाल ये रहस्यमय टुकड़े पुलिस के कब्जे में हैं और मामले की सूचना जिला आपदा प्रबंधन विभाग को दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में ये टुकड़े देखने में पत्थर या सीमेंट जैसे प्रतीत होते हैं, लेकिन वजन में कपास की तरह हल्के और पूरी तरह छिद्रयुक्त पाए गए हैं। क्षेत्र में आयुध निर्माणी (ऑर्डनेंस फैक्ट्री) होने के कारण पहले लोगों में डर का माहौल था, लेकिन चूंकि ये टुकड़े सीधे आसमान से गिरे हैं, इसलिए इसे उल्कापात से जुड़ी घटना माना जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अभिषेक नामदास ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। इन टुकड़ों की तस्वीरें और प्रारंभिक विवरण भू-विज्ञान और खगोल विज्ञान विभाग को भेज दिए गए हैं। नमूनों के विस्तृत अध्ययन के लिए कोलकाता से वैज्ञानिकों की एक विशेष टीम जल्द ही भंडारा पहुंचने वाली है।

