नागपुर: ट्रक को धक्का लगाते समय दबने से युवक की मौत

पवनी।
देवलापार थाना क्षेत्र के पवनी नगर में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। यह घटना हिवरा बाजार रोड पर सुबह करीब 4:15 बजे की है, जब एक खड़े ट्रक को चालू करने के लिए पीछे से धक्का लगाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार पवनी निवासी सचिन बेनीराम सोनवाने (35) ट्रक चालक बालक पिलगर के साथ मजदूर के रूप में काम करता था। गुरुवार 1 जनवरी की तड़के करीब 4 बजे चालक बालक पिलगर सचिन को घर से बुलाकर ट्रक क्रमांक एमएच-02, ईआर-1155 में अपने साथ ले गया।

  • Save

इसी दौरान पवनी में हिवरा बाजार रोड पर संजय राउत का बंद ट्रक क्रमांक एमएच-40, बीजी-2389 खड़ा था, जिसे गांव के ही चिंतामन सोनवाने तथा हरि पिलगर पीछे से धक्का लगाकर चालू करने की कोशिश कर रहे थे।

बताया जाता है कि धक्का लगाने के समय दोनों ट्रकों के बीच लकड़ी का एक टुकड़ा लगाया गया था। इसी बीच अचानक दूसरा ट्रक रिवर्स में आ गया, जिससे लकड़ी का टुकड़ा हट गया और सचिन बेनीराम सोनवाने दोनों ट्रकों के बीच दब गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई

  • Save

घटना के बाद ट्रक क्रमांक एमएच-02, ईआर-1155 का चालक बालक पिलगर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक के रिश्तेदार महेंद्र बोरिकर द्वारा घटना की सूचना देवलापार पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को देवलापार के ग्रामीण अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दोपहर करीब 3 बजे पवनी के मोक्षधाम में सचिन का अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि सचिन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मौत के बाद पत्नी और 3 वर्षीय पुत्र बेसहारा हो गए हैं।

परिजन महेंद्र बोरिकर की शिकायत पर देवलापार पुलिस ने आरोपी चालक बालक पिलगर (60) के खिलाफ धारा 281, 106(1) बीएनएस एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184, 134(बी)/187 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link