कीमतें दे रहीं लोगों को झटका, खपत भी बढ़ी
नागपुर, 2 जनवरी 2026:
ठंड के बढ़ते असर के साथ ही ड्राई फ्रूट्स की मांग और कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। सर्द मौसम में सेहत के लिए लाभदायक माने जाने वाले ड्राई फ्रूट्स के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं को झटका लगा है। व्यापारियों के अनुसार इस सीजन में ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
बाजार सूत्रों के मुताबिक इस बार ड्राई फ्रूट्स के भाव में प्रति किलो 40 से 100 रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है। ठंड के मौसम में सबसे अधिक मांग काजू और बादाम की रहती है। काजू के दाम 3,000 से 3,500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जबकि बादाम भी महंगा हो गया है। ठंड में चिलगोजा (नेजा) की मांग सबसे अधिक रहती है, जिसे ड्राई फ्रूट्स में सबसे महंगा माना जाता है।
चिलगोजा, जिसे ‘नेजा’ के नाम से जाना जाता है, स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक होता है। यह पाइन वृक्ष से प्राप्त होता है और उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों से बाजार में आता है। महंगा होने के बावजूद ठंड के दिनों में इसकी मांग बनी रहती है।
व्यापारियों के अनुसार वर्तमान में सेव गोंद (सफेद गोंद) का भाव 1,200 रुपये प्रति किलो चल रहा है। दिवाली के समय ड्राई फ्रूट्स के दाम अपेक्षाकृत स्थिर थे, लेकिन ठंड बढ़ते ही कीमतों में उछाल आ गया है। किशमिश के दाम 200 से 250 रुपये प्रति किलो, जबकि अच्छी गुणवत्ता वाली किशमिश 450 से 500 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
बाजार में काजू 1,300 से 1,800 रुपये प्रति किलो, बादाम 1,600 से 1,800 रुपये प्रति किलो, अखरोट 2,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। पिस्ता के दाम 820 से 860 रुपये, जबकि बादाम बोल्ड माल 940 से 1,000 रुपये प्रति किलो के बीच चल रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि ठंड के मौसम में ड्राई फ्रूट्स की खपत तेजी से बढ़ जाती है, जिससे मांग और कीमतों दोनों पर असर पड़ता है। आयात लागत, परिवहन खर्च और सीमित उपलब्धता भी कीमतों में वृद्धि का कारण बन रही है। जानकारों के अनुसार ठंड का असर बना रहने तक ड्राई फ्रूट्स के दाम ऊंचे बने रह सकते हैं।

