बदला : वर्कर के काम छोड़ देने से बौखलाए कर्मी ने की हरकत

नागपुर, कार्यालय प्रतिनिधि।
व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पूर्व मालिक की वर्कशॉप में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में वर्कशॉप के साथ-साथ बाहर खड़ी एक बोलेरो और एक स्कूटी भी आग की चपेट में आ गई। आगजनी की इस घटना में करीब चार लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी चंद्रशेखर भोयर (38), निवासी महादेव नगर, लावा रोड, और उसका साथी प्रेम विश्वकर्मा (29) अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया गया है कि चंद्रशेखर के पिता पहले पीड़ित की वर्कशॉप में काम करते थे। बाद में किसी विवाद के चलते उन्होंने वर्कशॉप छोड़ दी और इसके बाद आरोपियों और वर्कशॉप संचालक के बीच तनाव बढ़ गया।

  • Save

घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जब आरोपी अपने दो साथियों के साथ वर्कशॉप पहुंचे और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग तेजी से फैल गई और वर्कशॉप के अंदर रखा सामान, मशीनें और बाहर खड़े वाहन जलकर खाक हो गए। आसपास के लोगों ने आग की लपटें देखकर तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।

दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आगजनी की पुष्टि हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना को कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link