नागपुर के प्रजापतिनगर मेट्रो स्टेशन के बाजू में बने अंडरब्रिज में पिछले कई दिनों से बिना बारिश के ही लगातार पानी बह रहा है। अंडरब्रिज के आसपास पुरानी नालियों और पेयजल पाइपलाइन से हो रहे रिसाव के कारण यह गंभीर समस्या उत्पन्न हुई है। खास बात यह है कि मेट्रो ट्रेन के पटरियाँ जिन पिलरों पर टिकी हैं, उन्हीं पिलरों के आसपास लगातार पानी जमा हो रहा है, जिससे भविष्य में पिलर धंसने जैसी गंभीर दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार अंडरब्रिज की दीवारों से दिनभर पानी रिसता रहता है। रात के समय यह रिसाव और अधिक तेज हो जाता है, जिससे अंडरब्रिज के भीतर लगातार पानी बहता रहता है। इसके कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है।
हैरानी की बात यह है कि बारिश न होने के बावजूद पानी जमा रहता है, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि पानी का यह रिसाव मेट्रो स्टेशन की पटरियों को सहारा देने वाले पिलरों के बिल्कुल समीप से हो रहा है। पिलरों के आसपास लगातार पानी जमा रहने से जमीन कमजोर हो रही है। यदि इस स्थिति को समय रहते नहीं संभाला गया, तो भविष्य में पिलर धंसने जैसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पाइप लाइन पर शक
अंडरब्रिज के समीप लाखों लीटर क्षमता वाली पेयजल पाइपलाइन स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण पानी अंडरब्रिज की दीवारों से बाहर आ रहा है। यह पानी पेयजल का होने के कारण सरकारी संसाधनों की बर्बादी के साथ-साथ प्रशासन की लापरवाही को भी उजागर करता है।
रिक्शा खड़े रहने से यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई है। पहले से पानी और कीचड़ से संकरी हो चुकी सड़क पर ऑटो खड़े होने के कारण जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।
यह अंडरब्रिज सूर्यनगर, सुभाषनगर, पारडी, नवीननगर और नेताजीनगर जैसे घनी आबादी वाले इलाकों को आपस में जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इन क्षेत्रों के हजारों नागरिक प्रतिदिन काम, शिक्षा, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर यातायात का दबाव विशेष रूप से अधिक रहता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह अंडरब्रिज न केवल समय की बचत करता है, बल्कि आसपास के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का भार भी कम करता है। ऐसे में इस मार्ग पर किसी भी प्रकार की बाधा, खराब सड़क स्थिति या अव्यवस्था का सीधा असर आम जनता की दैनिक दिनचर्या पर पड़ता है। नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने की मांग की है ताकि रोजाना आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पानी और कीचड़ जमा होने से अंडरब्रिज का पूरा परिसर फिसलन भरा हो गया है। सड़क पर फिसलन के कारण वाहन चालकों को खासा परेशान होना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालक बार-बार संतुलन खो देते हैं, जिससे टक्कर और फिसलने की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी बार-बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
नागरिकों ने मांग की है कि पानी के स्रोत की तत्काल जांच कर पाइपलाइन लीकेज को ठीक किया जाए। साथ ही सड़क की मरम्मत, ऑटो रिक्शा के लिए उचित व्यवस्था और अंडरब्रिज की नियमित सफाई की जाए, ताकि जलभराव से राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।

