बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र की घटना, होटल के कमरे में फांसी लगाकर दी जान
नागपुर | नागपुर शहर के बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में स्थित उत्कर्ष ओयो होटल (Utkarsh OYO Hotel) में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान मयंक गणराज कडनाके (26) के रूप में हुई है, जो राधाकृष्ण सोसायटी, मनीषनगर का निवासी बताया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मयंक ने MBA की पढ़ाई पूरी की थी और वह पिछले कुछ समय से पुणे में रह रहा था। वह तीन दिन पहले पुणे से नागपुर आया था और हितलोक सोसायटी में स्थित उत्कर्ष ओयो होटल के कमरा नंबर 103 में ठहरा हुआ था। उसके दोस्तों को भी उसके होटल में ठहरने की जानकारी थी।
मंगलवार रात मयंक ने अपने दोस्तों के साथ भोजन किया था, जिसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए। बुधवार दोपहर को उसके दोस्त उससे मिलने उत्कर्ष ओयो होटल पहुंचे। उन्होंने कमरे के दरवाजे पर कई बार दस्तक दी और बेल बजाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पहले उन्हें लगा कि मयंक सो रहा होगा, लेकिन जब उसका मोबाइल फोन भी नॉट रिचेबल आया तो उन्हें संदेह हुआ।
इसके बाद होटल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खोले जाने पर मयंक कमरे के भीतर फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।
बेलतरोड़ी पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

