जलालखेड़ा: एक किलो सोना बेचने का लालच देकर 9 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को जलालखेड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीतल की चादरों को सोना बताकर पीड़ित से लाखों रुपये ऐंठ लिए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेव बुदल्या सोलके (40) और इजियस शेरू भोसले (40), दोनों निवासी बोरगांव (दुमनी), तहसील आष्टी, जिला वर्धा के रूप में हुई है।
एक किलो सोना बेचने का दिया लालच
रामभाऊ माणिकराव राऊत (57), निवासी विष्णुमातीनगर, टेकड़ीवाड़ी, नागपुर ने 27 सितंबर को जलालखेड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों ने राऊत को फोन कर बताया कि उनके पास एक किलो सोना है और वे इसे बेचना चाहते हैं।
अंबाड़ा में दिखाईं सोने की चादरें
आरोपियों ने सोना दिखाने के लिए राऊत को नरखेड़ तहसील के अंबाड़ा में बुलाया। वहां उन्होंने सोने की दो चादरें दिखाईं और पीड़ित को विश्वास में ले लिया। इसके बाद 27 सितंबर को नरखेड़ तहसील के खारगड़ गांव के पास राऊत ने आरोपियों को 9 लाख 50 हजार रुपये देकर चादरें खरीद लीं।
घर पहुंचने पर खुला ठगी का राज
राऊत जब चादरें लेकर घर पहुंचे और उनकी जांच की, तो पता चला कि वे सोने की नहीं बल्कि पीतल की चादरें थीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
गुप्त सूचना और तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार
जलालखेड़ा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो बाइक और 2.30 लाख रुपये नकद जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो दोपहिया वाहन और 2 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध कबूल किया है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक विनोद जांभले और पुलिस उपनिरीक्षक आकाश महाकाळ के नेतृत्व वाली टीम ने की। मामले में आगे की जांच जारी है।

