इतवारी: इतवारी भाजी मंडी रोड परिसर में शनिवार तड़के घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद कमरे की फर्श और दीवारों पर खून के छींटे फैल गए। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
विवाद बढ़ने के बाद पति ने किया हमला
जख्मी महिला की पहचान श्रुति अंकुश बागड़ी (29) के रूप में हुई है। श्रुति का वर्ष 2018 में अंकुश बागड़ी से विवाह हुआ था। दंपती के दो बच्चे अधिराज (7) और मॉरवी (5) हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने के बाद अंकुश ने धारदार हथियार से श्रुति पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
7 साल के बेटे ने दिखाई सूझबूझ
हमले के बाद श्रुति की हालत देखकर उसके सात वर्षीय बेटे अधिराज ने सूझबूझ दिखाई। उसने अपने नाना ध्रुव उपाध्याय (63) को फोन कर घटना की जानकारी दी।
अधिराज ने फोन पर बताया कि पापा ने मम्मी को बहुत मारा है और काफी खून बह रहा है। इसके बाद ध्रुव उपाध्याय ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उस समय श्रुति की सास लता बागड़ी दोनों बच्चों के साथ दूसरी कमरे में मौजूद थीं। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल श्रुति को तत्काल मेयो अस्पताल पहुंचाया।
कमरे में बिखरा था खून
पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद कमरे का मंजर देखकर हर कोई दहल गया। फर्श और दीवारों पर खून के छींटे दिखाई दे रहे थे। हमले में श्रुति को गंभीर चोटें आई हैं और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
पति-पत्नी का विवाद पहले भी पहुंच चुका था पुलिस तक
जानकारी के अनुसार, अंकुश पर पत्नी से मारपीट और प्रताड़ना के आरोप पहले भी सामने आए थे। पति-पत्नी के बीच विवाद पुलिस तक पहुंचने के बाद मामला न्यायालय तक भी पहुंचा था और फिलहाल न्यायप्रविष्ट बताया जा रहा है।
तहसील पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की जांच डीसीपी परिमंडल-3 राहुल मदने के मार्गदर्शन में तहसील थाने के थानेदार संजय मेंढे के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस ने घटना की परिस्थितियों और आरोपी पति की भूमिका को लेकर जांच शुरू कर दी है।

