नागपुर-काटोल मार्ग पर माहुरझरी के पास हुआ हादसा
नागपुर-काटोल मार्ग पर फेटरी शिवार के माहुरझरी के पास सोमवार (28 सितंबर) दोपहर भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार हिस्लॉप कॉलेज के दो 12वीं कक्षा के छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद 17 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों की पहचान वेद बोबडे और अथर्व ठवरे के रूप में
हादसे में वेद विनय बोबडे (18), निवासी वीरचक्र कॉलोनी, काटोल रोड, नागपुर और अथर्व अजय ठवरे (18), निवासी सदर, नागपुर की मौत हुई है। दोनों हिस्लॉप कॉलेज में कक्षा 12वीं के विद्यार्थी थे।
घायल छात्रा की पहचान रुहाना बेस्टियन (17), निवासी मेकोसाबाग, नागपुर के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अज्ञात वाहन ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वेद, अथर्व और रुहाना टीवीएस ज्यूपिटर (एमएच-31/एफजे-1505) से फेटरी से माहुरझरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोड़ पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों दोपहिया वाहन समेत सड़क किनारे गहरे हिस्से में जा गिरे। हादसे में वेद और अथर्व की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रुहाना गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। दुर्घटना किस तरह हुई और इसमें किसकी गलती थी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। कळमेश्वर पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस और एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही कळमेश्वर के थाना प्रभारी प्रमोद काळबांडे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रुग्णसेवक मंगेश गमे की टीम भी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पंचनामा और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों मृतकों के शव कळमेश्वर ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजे। वहीं, घायल रुहाना को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक छात्र के पिता का पिछले साल हुआ था निधन
हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक छात्र के पिता का पिछले वर्ष ही निधन हुआ था। अब बेटे की सड़क हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

