बुलढाणा में देर रात ट्रक को रोकर की वारदात
बुलढाणा जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर चार आरोपियों ने कथित तौर पर प्याज से भरे ट्रक को रोककर चालक और क्लीनर के साथ मारपीट की और ट्रक को जबरन अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चेनिज नंबर 269 के पास रोका ट्रक
पुलिस के अनुसार, घटना 25 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे समृद्धि एक्सप्रेसवे के चेनिज नंबर 269 के पास हुई। चारों आरोपी स्कोडा कार से पहुंचे थे। उन्होंने ट्रक को रोककर चालक और क्लीनर के साथ मारपीट की और प्याज से लदे ट्रक को लेकर फरार हो गए।
हाईवे पुलिस ने ट्रैकिंग डिवाइस से खोजा ट्रक
घटना की जानकारी मिलने के बाद मलकापुर हाईवे पुलिस केंद्र की रात्रि ड्यूटी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक चालक से जानकारी लेने के बाद ट्रक क्रमांक CG 04 PP 9113 को ट्रैकिंग डिवाइस के माध्यम से तलाशना शुरू किया।
अमाना टोल प्लाजा से मिली अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से करीब 10 मिनट पहले ट्रक को वाशिम के अमाना टोल प्लाजा के पास नो-पार्किंग उल्लंघन के कारण रोका गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने अमाना टोल प्लाजा के पीएसआई सरनायक से संपर्क किया।
ट्रक और स्कोडा कार समेत चारों आरोपी पकड़े गए
मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक, स्कोडा कार और चारों संदिग्धों को रोककर हिरासत में ले लिया। बाद में सभी आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए डोंगरगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया।
लूट का मामला दर्ज
घटना के संबंध में डोंगरगांव पुलिस थाने में लूट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब वारदात में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी लोहित मतानी के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक लोहित मतानी के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में एपीआई राहुल पाटील, पीएसआई सरनायक, एएसआई खडसे, हेड कांस्टेबल आशीष राऊत तथा पुलिस कांस्टेबल रामप्रसाद डोले और नासिर शेख शामिल रहे।

