पूजा सामग्री के बजाय सीधे दर्शन के लिए आएं
नागपुर के टेकड़ी गणेश मंदिर में गणेशोत्सव के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से पूजा सामग्री साथ न लाने की अपील की है। मंदिर समिति के अनुसार, इससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रखने के साथ कतार में पर्स चोरी और अन्य चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
सुबह 4:30 से रात 11 बजे तक दर्शन
गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट सुबह 4:30 बजे से रात 11 बजे तक खुले रहेंगे। गणेश स्थापना के दिन जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद के हाथों महापूजा आयोजित की जाएगी।
मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट और 62 सीसीटीवी
गणेशोत्सव के लिए मंदिर परिसर में आकर्षक रोशनी और सजावट की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परिसर में 62 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
महाप्रसाद के लिए नियमों का पालन जरूरी
मंदिर में प्रसाद वितरण के लिए अन्न एवं औषधि प्रशासन की अनुमति लेना और निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। इससे प्रसाद वितरण के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
20 से 23 सितंबर तक विभिन्न प्रतियोगिताएं
गणेशोत्सव के अवसर पर 20 से 23 सितंबर के बीच मोदक, रंगोली, मेहंदी और थाली सजावट प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंदिर समिति ने की श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
श्री गणेश मंदिर, टेकड़ी के अध्यक्ष श्रीराम कुलकर्णी और सचिव दिलीप शहाकार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूजा सामग्री न लाएं और व्यवस्था बनाए रखने में मंदिर प्रशासन का सहयोग करें।

