पुणे जिले के जुन्नर तालुका के पिंपळवंडी गांव में 10 वर्षीय बच्ची के साथ अत्याचार और हत्या के मामले में पुलिस जांच में आरोपी की कथित वारदात की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी साहिल खैरे (25) बच्ची को साइकिल सिखाने का बहाना बनाकर गांव से दूर गन्ने के खेत में ले गया था। मामले में आरोपी को अदालत ने 13 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
साइकिल सिखाने के बहाने बच्ची को ले गया
पुलिस जांच के अनुसार, बच्ची साइकिल सीखना चाहती थी। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी साहिल खैरे ने उसे साइकिल सिखाने की बात कही और घर से करीब 1.5 से 2 किलोमीटर दूर गन्ने के खेत और नाले के पास सुनसान जगह पर ले गया।
सुनसान जगह देखकर वारदात को दिया अंजाम
बताया गया है कि घटनास्थल मुख्य सड़क से करीब आधा किलोमीटर दूर है। खेत के मालिक भी कभी-कभार ही वहां आते थे। पुलिस के मुताबिक, इसी सुनसान जगह का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची के साथ अत्याचार किया और बाद में उसकी निर्मम हत्या कर दी।
पॉक्सो समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने आरोपी साहिल खैरे के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पिंपळवंडी में दूसरे दिन भी बंद
घटना के विरोध में पिंपळवंडी के ग्रामीणों ने लगातार दूसरे दिन भी कड़ा बंद रखा। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने संभाली स्थिति
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल आळेफाटा पुलिस थाने में मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

