यश उर्फ गणपत गावंडे समेत गुंडों का निकाला गया रोड शो, मानकापूर और पाचपावली में दिखा सख्त संदेश

नागपुर: शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए नागपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात आरोपियों का सार्वजनिक रूप से रोड शो निकाला। मानकापूर पुलिस ने ऑटो चालक की हत्या और लूटपाट के मुख्य आरोपी यश उर्फ गणपत गावंडे तथा उसके साथियों को इलाके में घुमाया, जबकि पाचपावली पुलिस ने गैंगवार के आरोपियों को भारी बारिश के बीच सड़क पर पैदल मार्च कराया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों ने राहत और संतोष व्यक्त किया।

  • Save

ऑटो चालक की हत्या के आरोपी यश उर्फ गणपत गावंडे का निकाला गया रोड शो

गोरेवाड़ा-पिटेसूर मार्ग स्थित हनुमान मंदिर टी-पॉइंट के पास शनिवार देर रात यश उर्फ गणपत गावंडे (22) और उसके साथियों ने जमकर आतंक मचाया था। आरोपियों ने राहगीरों से चाकू की नोक पर लूटपाट की और विरोध करने पर ऑटो चालक मोहम्मद काशिद मोहम्मद रफीकभाई (35) पर जानलेवा हमला कर उनकी हत्या कर दी।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

मानकापूर पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया:

  • यश उर्फ गणपत गावंडे (22) – मुख्य आरोपी
  • नवीन उईके (28)
  • समीर उर्फ पाजी उईके (19)
  • सुलभ उर्फ राज ठाकूर (26)
  • संजय उर्फ नीलेश जोगी (30)
  • रोहित जगदाळे (26)
  • एक 17 वर्षीय नाबालिग साथी

पुलिस ने सभी आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया। सोमवार को अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड (PCR) हासिल किया गया।

दहशत वाले इलाके में घुमाए गए आरोपी

पुलिस रिमांड मिलने के बाद मानकापूर पुलिस ने सोमवार रात आरोपियों को उसी इलाके में पैदल घुमाया, जहां वे लंबे समय से लोगों में दहशत फैला रहे थे। पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों को सार्वजनिक रूप से ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए संतोष व्यक्त किया।

  • Save

पाचपावली में गैंगवार के आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई

दूसरी ओर, कमाल चौक स्थित शनिचरा मार्केट में गैंगवार करने वाले जगदीश गोखले, अजय चिंचखेडे और उनके साथियों के खिलाफ भी पाचपावली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। पुलिस ने सभी आरोपियों को भारी बारिश के बीच व्यस्त मार्गों पर पैदल मार्च कराया।

पुलिस की कार्रवाई से मिला सख्त संदेश

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश देना और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना था। जिन इलाकों में इन आरोपियों का खौफ था, वहीं सार्वजनिक रूप से उन्हें घुमाए जाने से लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link