महाराष्ट्र के नागपुर में शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शहर के मानकापुर पुलिस स्टेशन में एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग नागरिक को म्यूचुअल फंड में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर 23 लाख 34 हजार रुपये की ठगी करने की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फर्जी निवेश सलाहकार बनकर जीता भरोसा
पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान पद्मावती नगर, गोधनी रेलवे निवासी भगवान विट्ठलराव महामुनी (61) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 5 दिसंबर 2025 से 12 जून 2026 के बीच आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत पीड़ित बुजुर्ग का विश्वास हासिल किया। आरोपियों ने खुद को एक प्रतिष्ठित निवेश सलाहकार (Investment Advisor) के रूप में पेश किया और परिवार को निवेश पर बाजार से ज्यादा ब्याज मिलने का लालच दिया।
फर्जी दस्तावेजों के जरिए खातों पर किया नियंत्रण
आरोपियों ने महामुनी परिवार को झांसे में लेने के लिए फर्जी दस्तावेज, जाली बैंक स्टेटमेंट और निवेश से जुड़े नकली कागजात दिखाए। इसके बाद उन्होंने चालाकी से महामुनी परिवार के 5 सदस्यों के बैंक खातों का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। आरोपियों ने विभिन्न म्यूचुअल फंड योजनाओं में निवेश करने के बहाने परिवार के एक्सिस बैंक (Axis Bank) के 5 खातों और एसबीआई (SBI) के पेंशन खाते से कुल 23.34 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम ट्रांसफर कर ली।
ठगी का अहसास होने पर पुलिस से की शिकायत
पैसे ट्रांसफर होने के बाद जब काफी समय तक निवेश से जुड़ा कोई वास्तविक दस्तावेज या रिटर्न नहीं मिला, तब पीड़ित बुजुर्ग को अपने साथ हुई इस बड़ी धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसके बाद भगवान विट्ठलराव महामुनी ने तुरंत मानकापुर पुलिस स्टेशन का रुख किया और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इस पूरे फर्जीवाड़े में मानकापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान इकबाल अब्दुल हमीद पांडे (45) (निवासी वासुदेवनगर, हिंगणा), सुल्ताना समीर इकबाल पांडे (40) और अंकित पंजाबराव इंगले (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।

