हीटवेव ने ली 10 लोगों की जान
नागपुर में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच बुधवार का दिन बेहद भयावह साबित हुआ। शहर, रेलवे स्टेशन और अलग-अलग ट्रेनों में एक ही दिन में 10 लोगों की मौत होने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन मौतों के पीछे हीट स्ट्रोक और अत्यधिक गर्मी को संभावित वजह माना जा रहा है।
शहर में 5 लोगों की संदिग्ध मौत
शहर के अलग-अलग इलाकों में 5 अज्ञात लोग बेहोशी की हालत में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
फ्लाईओवर के नीचे मिला बुजुर्ग का शव
लकड़गंज थाना क्षेत्र में कृष्णा भोजनालय के पास फ्लाईओवर के नीचे करीब 65 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति बेहोश मिला। उसे तुरंत मेयो अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कलमना फल बाजार में भी मिली लाश
कलमना फल बाजार परिसर में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सक्करदरा में तीन शव मिलने से सनसनी
सक्करदरा इलाके में भी अलग-अलग स्थानों पर तीन अज्ञात लोग बेहोश मिले। एक व्यक्ति फ्लाईओवर के नीचे, दूसरा बड़ा ताजबाग लंगरखाना की दीवार के पास और तीसरा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पीछे पड़ा मिला। तीनों को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई।
नागपुर रेलवे स्टेशन पर मिले 2 शव
बुधवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी निजामुद्दीन-बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस के पास करीब 40 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। इसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर 1 के नए वेटिंग हॉल के पास करीब 70 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद हुआ। दोनों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
चलती ट्रेनों में 3 यात्रियों की मौत
नागपुर स्टेशन पहुंची चरलपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस की जनरल बोगी में 60 वर्षीय यात्री की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इसके बाद तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में 34 वर्षीय यात्री मृत पाया गया। वहीं शाम को अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के एस-2 कोच में भी एक यात्री की मौत की सूचना मिली।
भीषण गर्मी और भीड़ बनी बड़ी वजह
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, ट्रेनों के जनरल डिब्बों में अत्यधिक भीड़ और भीषण गर्मी के कारण यात्रियों की हालत लगातार बिगड़ रही है। कई कोचों में पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने से अंदर का तापमान और अधिक महसूस हो रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
हालांकि रेलवे प्रशासन इन मौतों के पीछे बीमारी की आशंका जता रहा है, लेकिन प्रथम दृष्टया हीट स्ट्रोक की संभावना भी मजबूत मानी जा रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया गया है। शहर पुलिस और जीआरपी ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

