मां को नौकरी से निकालने पर युवक ने उठाया खौफनाक कदम
नागपुर के गिट्टीखदान पुलिस क्वार्टर परिसर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक सनकी युवक ने महिला पुलिसकर्मी और उसके तीन साल के बेटे को घर में बंद कर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
महिला पुलिसकर्मी के घर पहुंचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय महिला कर्मचारी अपने छोटे बेटे के साथ पुलिस क्वार्टर में रहती है। मंगलवार शाम आरोपी संदीप गेडाम अचानक उसके घर पहुंच गया। जब महिला ने उससे आने का कारण पूछा तो वह गाली-गलौज करने लगा।
जान से मारने की धमकी देकर बाहर से लगाया ताला
आरोपी ने महिला और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने जब उसे फटकार लगाई तो वह बाहर निकल गया और क्वार्टर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। मां-बेटा घर के अंदर ही फंस गए।
पुलिस ने पहुंचकर किया रेस्क्यू
घटना के तुरंत बाद महिला ने गिट्टीखदान पुलिस को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दूसरी चाबी की मदद से दरवाजा खोलकर मां और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी संदीप गेडाम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।
शराब पीकर घर आने से हटाया था काम से
जानकारी के मुताबिक, महिला ने अपने बच्चे की देखभाल के लिए संदीप की मां को काम पर रखा था। संदीप अक्सर अपनी मां को छोड़ने महिला के घर आता था। कई बार वह शराब के नशे में भी वहां पहुंचा। इसी वजह से महिला ने करीब 6 से 7 महीने पहले उसकी मां को काम से निकाल दिया था।
काम छूटने के बाद से नाराज था आरोपी
बताया जा रहा है कि मां को नौकरी से निकाले जाने के बाद से ही संदीप महिला पुलिसकर्मी से नाराज चल रहा था। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे जांच जारी है।

