नागपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नागपुर ग्रामीण पुलिस की अमली पदार्थ विरोधी पथक ने उमरेड में चल रहे अफू तस्करी रैकेट का बड़ा खुलासा किया है। जांच के दौरान पुलिस को इस तस्करी के तार सीधे झारखंड से जुड़े मिले हैं। मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
33 किलो 767 ग्राम अफू बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 33 किलो 767 ग्राम अफू जब्त किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 करोड़ 68 लाख 83 हजार 500 रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई से ड्रग तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
कोयला खदान परिसर में पकड़ा गया पहला आरोपी
पुलिस के अनुसार, अमली पदार्थ विरोधी पथक ने उमरेड शहर के पास स्थित वेकोलि कोयला खदान परिसर में कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी हरबंश सुरेश राम (46) निवासी मधेपुरा, बिहार को गिरफ्तार किया था। वह एमएच-40/AK-7057 नंबर के ट्रक का चालक था।
पुलिस को देखकर ट्रक लेकर भागा आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ट्रक लेकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने ट्रक का पीछा कर उसे रोका और केबिन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 237.170 ग्राम अफू बरामद हुआ।
ट्रक, नकदी और मोबाइल समेत लाखों का सामान जब्त
कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पास से अफू के अलावा 15 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और ट्रक सहित करीब 33 लाख 31 हजार 585 रुपए का सामान जब्त किया था।
तकनीकी जांच में झारखंड कनेक्शन आया सामने
पहले आरोपी से पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को इस तस्करी के नेटवर्क का झारखंड कनेक्शन मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने झारखंड के सिमडेगा जिले के भंडारटोली गांव में दबिश दी।
झारखंड से दूसरे तस्कर की गिरफ्तारी
झारखंड पुलिस की मदद से पुलिस ने मनीषकुमार अंबिकाप्रसाद (46) को हिरासत में लिया। उसके घर की तलाशी में भारी मात्रा में अफू बरामद हुआ। पुलिस ने उसके घर से 33 किलो 767 ग्राम अफू बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
ड्रग नेटवर्क की गहराई से जांच जारी
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अफू की सप्लाई किन राज्यों तक की जा रही थी और इस गिरोह में कितने लोग शामिल हैं।

