संवेदनशील इलाके में घटना से फैली दहशत
नागपुर के महाल इलाके के कोठी मार्ग क्षेत्र में एमडी तस्करों के बीच चल रहे वर्चस्व विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देर रात एक घर पर सीधे फायरिंग किए जाने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन संवेदनशील क्षेत्र में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
एमडी तस्करी से बढ़ रहा गैंग संघर्ष
नागपुर में पिछले कुछ समय से एमडी और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते कई आपराधिक गिरोह सक्रिय हो चुके हैं। शहर के कई इलाके नशे के कारोबार के हॉटस्पॉट बन चुके हैं, जहां खूनी संघर्ष का खतरा लगातार बना रहता है। कोठी मार्ग की यह घटना भी गैंगवार का हिस्सा मानी जा रही है।
सौरव के बढ़ते प्रभाव से बढ़ा तनाव
इस मामले में शामिल सौरव पांच साल पहले शिवाजी प्रतिमा के पास हुई एक हत्या के बाद चर्चा में आया था। हाल के दिनों में कथित राजनीतिक समर्थन मिलने के कारण उसका प्रभाव और दबदबा काफी बढ़ गया है।
प्रेम संबंध को लेकर भी हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, रोहन की प्रेमिका पहले सौरव के साथ काम करती थी, लेकिन कुछ दिनों से उसने उसका साथ छोड़ दिया था और आरोपियों के साथ काम करने लगी थी। संबंधित महिला एमडी तस्करी मामले में आरोपी भी बताई जा रही है। इसी बात को लेकर रोहन और आरोपियों के बीच तनाव बढ़ गया था। रोहन ने आरोपियों को धमकी भी दी थी।
“दहशत फैलाने की कोशिश” — उपायुक्त राहुल मदने
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और शिकायतकर्ता एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना में दो राउंड फायरिंग की गई, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। वाहन पर फायरिंग होने के कारण इसे केवल दहशत फैलाने की कोशिश माना जा रहा है। हालांकि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। यह जानकारी उपायुक्त राहुल मदने ने दी।
24 घंटे पहले भी हुआ था हमला
शनिवार रात करीब 1 बजे रोहन मस्कर कोठी रोड पर खड़ा था, तभी गैंग से जुड़े संकेत भेदे, अंकुश उर्फ चिवड़ा भोसले, सूरज लटकर, कार्तिक दुर्गा और विशेष लटकर सौरभ की तलाश कर रहे थे। सौरभ नहीं मिलने पर आरोपियों ने रोहन मस्कर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और वहां से फरार हो गए। इस घटना के महज 24 घंटे बाद ही फायरिंग की वारदात सामने आने से इलाके में तनाव और बढ़ गया है।

