नागपुर के गाडगेनगर में सनसनी : बंद घर में मिला मां-बेटी का शव, इलाके में मचा हड़कंप

कई दिनों से बंद था घर, बदबू आने पर हुआ खुलासा

नागपुर के गाडगेनगर इलाके में एक बंद घर के अंदर मां और बेटी का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खोलने पर दोनों मृत अवस्था में मिलीं। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

  • Save

नंदनवन थाना क्षेत्र की घटना

यह मामला नंदनवन पुलिस थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान तुलसाबाई माधवराव वाढई (65) और उनकी बेटी संगीता माधवराव वाढई (48) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों को आखिरी बार 2 मई को घर के पास देखा गया था। इसके बाद से घर का दरवाजा लगातार बंद था।

बेटे का संपर्क टूटने के बाद बढ़ा शक

मृतका तुलसाबाई का बेटा नीलेश गुजरात के अहमदाबाद में नौकरी करता है। उसकी अपनी मां से आखिरी बार 2 मई को बातचीत हुई थी। इसके बाद लगातार संपर्क नहीं होने पर उसने रिश्तेदारों से जानकारी ली, लेकिन किसी को कुछ पता नहीं था।

रिश्तेदार पहुंचे तो बंद मिला घर

शक होने पर रिश्तेदार सीधे गाडगेनगर स्थित घर पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो घर के अंदर मां-बेटी के शव पड़े मिले। इस दृश्य को देखकर इलाके में दहशत फैल गई।

  • Save

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में मौत का कारण साफ नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

कुछ दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही घटना

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही नंदनवन थाना क्षेत्र के व्यंकटेशनगर में भी मां-बेटी द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया था। उस घटना में संगीता श्रीराम ढबाले (52) और उनकी बेटी आकांक्षा लोकेश ब्रह्मे (29) की मौत हुई थी। उस मामले में आकांक्षा के पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link