विजय वडेट्टीवार की उम्मीद: सुप्रीम कोर्ट आज साफ करेगा वोटों की गिनती का रास्ता

नागपुर: कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने उम्मीद जताई है कि सुप्रीम कोर्ट आज स्थानीय निकाय चुनावों की वोटों की गिनती पर हाई कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश को गलत करार देगा। महाराष्ट्र हाई कोर्ट ने राज्य चुनाव आयोग को 3 दिसंबर की जगह 21 दिसंबर को मतगणना कराने का निर्देश दिया था। यह फैसला ठीक उसी दिन आया जब राज्य में 264 नगर परिषद और नगर पंचायतों के चुनाव के लिए मतदान चल रहा था। अब सुप्रीम कोर्ट में इसी आदेश को लेकर सुनवाई होनी है।

वडेट्टीवार ने कहा, “आज इस मामले पर सुनवाई है। हमें भरोसा है कि हाई कोर्ट के आदेश पर उचित टिप्पणियां होंगी। आने वाले दिनों में जिला परिषद चुनाव भी होने हैं। यदि 268 नगर परिषदों के नतीजे पहले घोषित हो जाते हैं, तो क्या उनका असर जिला परिषद के चुनावों पर नहीं पड़ेगा? मेरी राय में मतगणना टालने का आदेश उचित नहीं है। उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट आज इस मामले को स्पष्ट कर देगा।”

  • Save

नागपुर में 8 दिसंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन अधिवेशन को लेकर उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। वडेट्टीवार बोले, “सात दिन का सेशन है और शनिवार को भी कामकाज तय किया गया है। चार हफ्तों का बजट सेशन नागपुर में होना चाहिए था। मुख्यमंत्री पिछले 11 साल से नागपुर से ही सत्ता में हैं, लेकिन विदर्भ के लोगों को रोजगार के लिए पुणे, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु जाना पड़ रहा है।”

उन्होंने सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा, “यह सरकार की नाकामी है कि नागपुर में रोजगार के अवसर नहीं बढ़ रहे। मुख्यमंत्री की उपलब्धि क्या है, यह जनता को समझाया नहीं जा रहा। अधिवेशन में सिर्फ काम होने का दिखावा किया जाएगा। इस सेशन से विदर्भ के लोगों को कोई लाभ नहीं मिलने वाला।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link