कन्हान, ता.23 अवैध विदेशी शराब की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कन्हान पुलिस और स्थानीय गुन्हे शाखा नागपुर ग्रामीण की संयुक्त टीम ने बोर्डा शिवार क्षेत्र में नाकाबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन सहित कुल 8 लाख 72 हजार 240 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार (21 फरवरी) शाम करीब 6 बजे कन्हान पुलिस क्षेत्र में अवैध धंधों पर निगरानी के तहत पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मनसर की ओर से जबलपुर–नागपुर राष्ट्रीय महामार्ग के रास्ते अवैध विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर बोर्डा शिवार में नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान मनसर से नागपुर की ओर आ रही एक संदिग्ध Honda सिटी कार (क्रमांक MH 48 S 3698) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन के भीतर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें (निप) बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम प्रेमकुमार श्रीनाथ सिंह (34) और प्रिंसकुमार श्रीनाथ सिंह (36), निवासी सुंदर नगर, ब्रह्मपुरी, जिला चंद्रपुर बताया। जब उनसे शराब परिवहन का वैध परवाना मांगा गया तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से Royal Stag सुपीरियर व्हिस्की की 624 निप, जिसकी कीमत 1 लाख 62 हजार 240 रुपये बताई गई है, जब्त की। इसके अलावा 7 लाख रुपये मूल्य की होंडा सिटी कार तथा 10 हजार रुपये कीमत का Redmi कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जप्त किया गया। कुल मिलाकर 8 लाख 72 हजार 240 रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
इस प्रकरण में कन्हान थाने में आरोपियों के विरुद्ध महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच पुलिस निरीक्षक वैजयंती मंडवधरे के मार्गदर्शन में जारी है।
यह कार्रवाई उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. संतोष गायकवाड़ और पुलिस निरीक्षक वैजयंती मंडवधरे के नेतृत्व में की गई। पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण हारगुडे, हरीश सोनभद्रे, अमित यादव, सचिन वेळेकर, जीवन विघे तथा स्थानीय गुन्हे शाखा के पुलिस उपनिरीक्षक बटुलाल पांडे, प्रमोद भोयर, संजय भदोरिया सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी।
लगातार बढ़ रही अवैध शराब तस्करी पर इस सख्त कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

