इकोनॉमिक एक्सप्लोसिव्स लिमिटेड में बड़ा हादसा
कोंढाली/बाजारगांव (नागपुर)। नागपुर–अमरावती नेशनल हाईवे पर कोंढाली के पास बाजारगांव क्षेत्र में स्थित इकोनॉमिक एक्सप्लोसिव्स लिमिटेड कंपनी परिसर में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान डोरली, तहसील काटोल (नागपुर) निवासी दिनेश श्रीराम खांबळकर (55) और बालाघाट, मध्य प्रदेश निवासी जुगल किशोर शालिकराम रहांगडाले (46) के रूप में हुई है, जो कंपनी में ठेके पर मजदूरी का काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर चालक गणेशराव बारंगे, निवासी करंजा (घाडगे), वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते ट्रेलर सीधे काम कर रहे मजदूरों की ओर बढ़ गया और दोनों को कुचल दिया। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

