नागपुर: सावनेर पुलिस स्टेशन अंतर्गत धापेवाड़ा और मालेगांव में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। घटना सोमवार की रात की बताई जा रही है। दोनों हादसों में एक ही बात की समानता थी—दोनों मृतकों की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी।
जानकारी अनुसार पहली घटना मालेगांव के पास हुई। नागपुर निवासी मुकेश बलवंत कुमार अपने मित्र जितेंद्र सिंह के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-31/जीडी-6115 पर सवार होकर सावनेर से नागपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें मौके पर ही मुकेश की मौत हो गई और उसका मित्र जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद दूसरी घटना धापेवाड़ा में पहली घटना के कुछ ही देर बाद घटी। इसमें आशीष पांडे और राहुल टक्कर, दोनों अष्टाना निवासी, मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-40/सीएस-8930 से जा रहे थे। एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही आशीष पांडे की मौत हो गई और राहुल टक्कर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सावनेर पुलिस और समाजसेवी हिरालाल बोराडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया है। अज्ञात वाहन की तलाश सावनेर पुलिस कर रही है।

