नागपुर: तेज रफ्तार और लापरवाही ने ली दो जान

वाठोड़ा और गणेशपेठ क्षेत्र में हुईं अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं

नागपुर, 2 जनवरी 2026: शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में एक 12 वर्षीय बालक और एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चलाना हादसे का कारण बताया जा रहा है।

पहली घटना वाठोड़ा थाना क्षेत्र की है। यहां चंद्रमणि नगर, अजनी, वाठोड़ा रिंग रोड निवासी आरव गुलजार सिंह मढवी (12) की एक कार की टक्कर से मौत हो गई।

  • Save

पुलिस के अनुसार, आरव अपने घर के पास बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान शाम करीब 4.30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरव के पिता गुलजार सिंह मढवी पुणे में काम करते हैं, जबकि उसकी मां मीना मढवी बालाघाट की निवासी हैं। परिवार किराए के मकान में रह रहा था और नए साल की तैयारियों में व्यस्त था।

कार चालक की पहचान अमित सावंत (34) के रूप में हुई है। वह एमएच-49 सीएम-3976 क्रमांक की कार से जा रहा था। हादसा होटल गोल्डन के सामने हुआ। चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन वाहन नियंत्रण से बाहर होकर बच्चे से टकरा गया। बालक के पिता की शिकायत पर वाठोड़ा पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

  • Save

दूसरी घटना 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 10.30 बजे गणेशपेठ थाना क्षेत्र में हुई।इस हादसे में नवानगर, पारडी, नागपुर निवासी अंशुल सुधाकर गावंडे (21) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार अंशुल अपने मित्र राहुल किशन धुर्वे (22) के साथ बाइक पर सवार था। राहुल प्लॉट नं. 507, सुभाननगर, पारडी, नागपुर का निवासी है।

बाइक का क्रमांक एमएच-49 सीएम-9146 बताया गया है। यह हादसा भंडारा रोड स्थित गीतांजलि चौक, एफएमआई के सामने हुआ।

पुलिस के मुताबिक बाइक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई, जिससे अंशुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के मामा प्रदीप जगदीश ढोले की शिकायत पर गणेशपेठ पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ तेज व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय तेज रफ्तार और लापरवाही से बचें, क्योंकि ऐसी छोटी सी लापरवाही की कीमत किसी की जान हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link