नांदेड: महाराष्ट्र के नांदेड जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध के विवाद में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने महिला के 7 रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृत युवक की पहचान दुर्गेश्वर ठाकूर (22) के रूप में हुई है, जो बिलोली तालुका के मुतन्याळ गांव का निवासी और पेशे से इलेक्ट्रीशियन था। बताया जा रहा है कि उसका एक विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध था, जिसे लेकर महिला के परिवार में काफी नाराजगी थी।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, युवक का उसी रिश्तेदारी की एक दो बच्चों की मां विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध था। इस रिश्ते की जानकारी जब महिला के पति और परिवार के अन्य सदस्यों को हुई तो वे काफी नाराज हो गए और युवक को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
घर से बुलाकर किया हमला
बताया जा रहा है कि 3 मार्च की शाम करीब 5 बजे आरोपियों ने युवक को थडी सावळी गांव में बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उस पर अचानक हमला कर दिया और केबल वायर से बेरहमी से मारपीट की। हमले के दौरान उसके सीने, पीठ और पैरों पर कई वार किए गए और उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
7 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मृतक के पिता रवींद्रसिंह ठाकूर की शिकायत के आधार पर रामतीर्थ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पद्मसिंह ठाकूर, राजूसिंह ठाकूर, गंगासिंह ठाकूर, दिलीपसिंह ठाकूर, विजयसिंह ठाकूर, विशालसिंह ठाकूर और प्रतापसिंह ठाकूर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
इलाके में फैल गया तनाव
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर स्थिति पर नजर बनाए रखी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

