उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता महिला ने पकोड़े खाने का बहाना बनाकर अपने पति को बस से नीचे भेज दिया और खुद प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना के बाद पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि अमरोहा जिले के पीतम सिंह की शादी 1 दिसंबर 2025 को रामपुर जिले की रहने वाली 18 वर्षीय रिमझिम से हुई थी। होली का त्योहार मनाने के लिए रिमझिम कुछ दिन पहले अपने मायके गई थी। 9 मार्च को पीतम सिंह अपनी पत्नी को मायके से विदा कराकर घर वापस ला रहे थे, तभी रास्ते में यह घटना हो गई।
घटना कैसे हुई
पति-पत्नी पहले सैफनी से बिलारी बस स्टैंड पहुंचे और वहां से मुरादाबाद जाने वाली रोडवेज बस में सवार हुए। दोपहर करीब 2 बजे बस बिलारी बस स्टैंड पर रुकी, तब पत्नी ने अपने पति से कहा कि उसे पकोड़े खाने हैं और वह पास की कैंटीन से पकोड़े और पानी ले आए।
पति जैसे ही पकोड़े लेने बस से उतरा, थोड़ी देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी सीट से गायब थी। आसपास पूछताछ करने पर यात्रियों ने बताया कि वह मोबाइल पर किसी से बात करते हुए बस से उतर गई थी।
प्रेमी के साथ जाने का शक
पति ने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। काफी देर तक बस स्टैंड और आसपास तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसने बिलारी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पति ने अपनी शिकायत में रामपुर जिले के सागरपुर गांव के रहने वाले इमरान नामक युवक पर शक जताया है। परिवार का कहना है कि महिला का पहले से ही उस युवक से प्रेम संबंध हो सकता है।
पुलिस कर रही महिला की तलाश
पुलिस ने पति की शिकायत के आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, महिला की तलाश के लिए टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है।

