नागपुर: परिमंडल-5 के अंतर्गत आने वाले पुलिस थानों द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब और प्रतिबंधित नायलॉन मांजा जब्त कर उसे नष्ट किया गया। इस दौरान शराब और नायलॉन मांजा से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति नागरिकों को जागरूक भी किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को कलमना मार्केट यार्ड परिसर में कुल 36 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और नायलॉन मांजा को नष्ट किया। इस कार्रवाई के समय ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी, डीआईजी शिवाजी राठोड़ और डीसीपी निकेतन कदम उपस्थित थे।
पुलिस द्वारा अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में दर्ज 526 मामलों में 26 लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब जब्त की गई, वहीं प्रतिबंधित नायलॉन मांजा विक्रेताओं के खिलाफ 30 मामले दर्ज कर 10 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। जब्त सामग्री में 20 हजार से अधिक देशी-विदेशी शराब की बोतलें और 675 बंडल नायलॉन मांजा शामिल थे। न्यायालय और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की अनुमति लेकर इस पूरे माल को बुलडोजर की सहायता से नष्ट किया गया।
क्षेत्रवार कार्रवाई में पारडी पुलिस ने 16.41 लाख रुपये, कलमना पुलिस ने 5.66 लाख रुपये, यशोधरानगर पुलिस ने 3.71 लाख रुपये और वाठोड़ा पुलिस ने 30,210 रुपये मूल्य की शराब जब्त की। वहीं नायलॉन मांजा की जब्ती में कलमना पुलिस ने 1.58 लाख रुपये, यशोधरानगर पुलिस ने 5 लाख रुपये और वाठोड़ा पुलिस ने 3.34 लाख रुपये मूल्य का मांजा जब्त कर नष्ट किया। इस दौरान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन थंडर और ऑपरेशन शक्ति के माध्यम से भी नागरिकों को अवैध शराब और घातक नायलॉन मांजा से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया गया।

