नागपुर:अडेगांव गेट से सफारी शुरू करने के निर्देश पर्यटकों को मिलेगा ‘केटरीना’ के दर्शन का अवसर

पर्यटकों को मिलेगा ‘केटरीना’ के दर्शन का अवसर

हिंगना, संवाददाता।
नागपुर–वर्धा जिले की सीमा पर स्थित बोर टाइगर रिजर्व में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। अडेगांव (हिंगना) स्थित बोर अभयारण्य गेट से आगामी दिनों में सफारी शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही वन्यजीव प्रबंधन की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।

वन विभाग के अनुसार, सफारी शुरू होने से पर्यटकों को अभयारण्य में निवास कर रही बाघिन ‘केटरीना’ सहित अन्य वन्यजीवों के प्रत्यक्ष दर्शन का अवसर मिलेगा। बोर अभयारण्य में बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरण, नीलगाय सहित विभिन्न पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं, जो पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण हैं।

वन्यजीव प्रबंधन की तैयारी पूरी

वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत सफारी मार्गों की मरम्मत, पर्यटकों के लिए सुरक्षित व्यवस्था, मार्गदर्शन की सुविधा तथा वाहनों की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। इसके अलावा अभयारण्य में पर्यटन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य भी किए गए हैं।

वन विभाग ने बताया कि मानसून के बाद जंगल क्षेत्र सुरक्षित पाए जाने पर ही सफारी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। अडेगांव गेट परिसर में पार्किंग, टिकट काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाएं दुरुस्त कर ली गई हैं।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सफारी शुरू होने से न केवल नागपुर जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। वन विभाग और बोर टाइगर रिजर्व प्रशासन ने पर्यटकों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि वन्यजीवों और प्राकृतिक वातावरण की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link