नई दिल्ली | विशेष रिपोर्ट
राजधानी दिल्ली में लापता बच्चों को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर दिल्ली पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस ने साफ कहा है कि लापता बच्चों के मामलों में किसी भी प्रकार की अचानक वृद्धि नहीं हुई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया और कुछ अन्य माध्यमों पर भ्रामक और गलत सूचनाएं फैलाकर लोगों में अनावश्यक भय पैदा किया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि की गई खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। पुलिस के अनुसार, कुछ लोग आंकड़ों को गलत तरीके से प्रस्तुत कर भ्रम फैला रहे हैं, जिससे समाज में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। ऐसे अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि हर बच्चे की सुरक्षा दिल्ली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापता या अपहृत बच्चों के मामलों में दिल्ली पुलिस 24×7 पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जैसे ही किसी बच्चे के लापता होने की सूचना मिलती है, तुरंत कार्रवाई शुरू की जाती है और बच्चों को सुरक्षित ढूंढकर उनके परिवार से मिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाते हैं।
दिल्ली पुलिस ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें, न कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अपुष्ट जानकारियों पर भरोसा करें।
पुलिस का कहना है कि सही जानकारी, सतर्कता और सहयोग से ही बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है।

